*भ्रष्टाचार मुक्त भारत की ओर—बी. वी. एम. सेक्टर- 39 के छात्रों की पहल”* « 09/Dec/2025
विद्यार्थियों में ईमानदारी, पारदर्शिता और ज़िम्मेदार नागरिकता को बढ़ावा देने हेतु *भारतीय विद्या मंदिर सीनियर सेकेंडरी स्कूल, सेक्टर- 39, लुधियाना* में *भ्रष्टाचार विरोधी दिवस* का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का प्रारंभ विद्यालय के विद्यार्थियों द्वारा प्रार्थना सभा के दौरान भ्रष्टाचार मुक्त भारत के निर्माण का संकल्प लेते हुए शपथ ग्रहण के साथ हुआ। इसके साथ ही नवमी एवं ग्यारहवीं कक्षाओं के विद्यार्थियों के लिए भ्रष्टाचार उन्मूलन में युवाओं की भूमिका एवं भ्रष्टाचार का समाज पर प्रभाव विषयों पर आधारित *निबंध लेखन* गतिविधि करवाई गई जिनमें बच्चों ने भ्रष्टाचार के आर्थिक, सामाजिक एवं नैतिक दुष्प्रभावों पर अपने विचार व्यक्त करते हुए भ्रष्टाचार उन्मूलन संबंधी अपने सुझाव भी दिए। इसी उपलक्ष्य में अंग्रेज़ी विषय की शिक्षिका श्रीमती प्रिया मल्होत्रा ने अपने प्रेरक वक्तव्य में भ्रष्टाचार के प्रकार, इसके दुष्प्रभाव, संबंधित कानून, तथा युवा पीढ़ी की ज़िम्मेदार भूमिका पर चर्चा की तथा 11वीं कक्षा की छात्रा जसदीप कौर ने भी भ्रष्टाचार को समाप्त करने में प्रत्येक नागरिक विशेषकर युवाओं की महत्वपूर्ण भूमिका पर प्रकाश डाला। प्रधानाचार्या *श्रीमती उपासना जी मोदगिल* ने अपने संबोधन में छात्रों को बताया कि छोटी-छोटी ईमानदार आदतें बड़े सामाजिक बदलावों का मार्ग प्रशस्त करती हैं। उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार समाज की जड़ें कमज़ोर करता है। अतः हम सबको ईमानदारी को अपने जीवन मूल्यों का अभिन्न हिस्सा बनाना चाहिए। साथ ही माननीया प्रधानाचार्या द्वारा भविष्य में भी ऐसे कार्यक्रमों के माध्यम से छात्रों में नैतिक जागरूकता बढ़ाने की प्रतिबद्धता भी जताई गई।